प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम/कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान सहित अन्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जनसेवा अभियान शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ को दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में बी वाचन का कार्य भी सुनिश्चित करें। ताकि फौती नामांतरण के प्रकरण दर्ज हो सके। उन्होंने सभी एसडीएम एवं जिला आपूर्ति नियंत्रक को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग का व्यक्ति राशन के लाभ से वंचित ना हो। व्यवस्थित ढंग से सर्वे कर सभी पात्रों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने वन अधिकार पट्टा प्राप्त सभी पात्र किसानों को का भी सर्वे कर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने के निर्देश दिए। सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि वे पटवारी के माध्यम से ऐसे पात्र ग्रामीणों को चिन्हित कर जो अविवादित रूप से काफी समय से निजी भूमि पर निवास कर रहे हैं, उन्हें मध्यप्रदेश वासस्थान दखलकार अधिनियम के तहत पट्टे आवंटित किए जाए। उन्होंने बैठक में स्वामित्व योजना की भी विस्तार से समीक्षा कर सभी तहसीलदारों को योजना के तहत ग्राउंड ट्रूथिंग के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मनोज सरियाम, अपर कलेक्टर मनोज सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

