

पथरौटा / बुरहानपुर जिले के बेरतलाई क्षेत्र से लापता हुआ 10 वर्षीय बालक कल सुबह ग्राम जमानी में अकेला भटकता पाया गया। मासूम की स्थिति देखकर ग्रामवासियों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत पथरौटा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजीव पंवार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचकर बच्चे से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। चूंकि बच्चा डरा-सहमा था और रात्रि हो चुकी थी, अतः मुस्कान संस्था, इटारसी की मदद ली गई और रातभर उसे संस्था में सुरक्षित रूप से ठहराया गया।
*सोशल मीडिया से मिली अहम मदद*
गौरतलब है कि बच्चे की गुमशुदगी की सूचना और फोटो पिछले 24 घंटों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी, जिसके चलते परिजनों को उसकी जानकारी प्राप्त हुई । सोशल मीडिया के इस सहयोग से बच्चे का परिवार ट्रेस किया जा सका।
*परिजनों को सौंपा गया बच्चा*
आज पुलिस टीम ने मुस्कान संस्था के सहयोग से बच्चे को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया, जिससे परिवार ने राहत की साँस ली और पुलिस व संस्था का आभार व्यक्त किया। यह घटना एक मिसाल है कि पुलिस, सामाजिक संस्थाएँ और सोशल मीडिया जब मिलकर कार्य करते हैं तो कैसे एक मासूम को सुरक्षित घर पहुँचाया जा सकता है।

