

इटारसी / 13 जुलाई से आरंभ सहज पाठ साहिब का समापन 19 जुलाई को प्रातः 11:30 बजे संगत की हज़ूरी में सम्पन्न हुआ। तत्पश्चात हजूरी रागी सरदार अजीत सिंह ने मधुर शब्द कीर्तन द्वारा संगत को भाव-विभोर किया। दोपहर 1:00 से 2:30 बजे तक गुरु का अटूट लंगर संगत हेतु बरताया गया, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा सभा के प्रधान सेवादार सरदार जसवीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि गुरु हरकिशन साहिब जी ने बाल्यावस्था में ही गुरु गद्दी संभालते हुए समाजसेवा, सेवा-भाव और करुणा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया, इसीलिए उन्हें ‘दीन-दुखियों का मसीहा’ कहा जाता है। इस अवसर पर समाजसेवी सरदार अमरजीत सिंह चावला ने अपने स्वर्गीय बड़े भाई श्री इंदर सिंह ‘इंद्रजीत’ सिंह चावला की स्मृति में गुरु नानक पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, इटारसी के मेधावी विद्यार्थियों को नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा द्वारा भी इन मेधावी छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, साथ ही जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई। समारोह में विशेष रूप से गुरुद्वारा सभा के सचिव सरदार राजेन्द्र सिंह दुआ, कोषाध्यक्ष सरदार गुरभेज सिंह जुनेजा, गुरु नानक स्कूल के अध्यक्ष सरदार राजेन्द्र सिंह सलूजा, सरदार अमनदीप सिंह भाटिया, परमीत सिंह भाटिया एवं परविंदर सिंह टुटेजा उपस्थित रहे।

