


नर्मदापुरम / अखिल भारतीय माली समाज महासंघ का 24वां स्थापना दिवस समारोह रतलाम में उत्साहपूर्वक और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर ऑल इंडिया सैनी माली सभा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी का भव्य स्वागत किया गया। समारोह में समाज की एकता, संगठन के विस्तार और युवा नेतृत्व के सशक्तिकरण पर केंद्रित विचार साझा किए गए। विशिष्ट अतिथि के रूप में सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा उपस्थित रहे और उन्होंने कहा कि समाज को संगठित कर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक प्रतिनिधित्व में आगे लाना आज की आवश्यकता है।
*प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी ने कहा*
“शिक्षा, स्वरोजगार और नेतृत्व में माली समाज को आगे लाना हमारा संकल्प है। संगठन की ताकत से हम समाज को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। श्री सैनी ने रतलाम माली समाज संगठन का स्वागत के लिए आत्मीय आभार माना। इस आयोजन में अखिल भारतीय माली महासंघ के राष्टीय अध्यक्ष विलासराव पाटिल (धूलिया, महाराष्ट्र) एडवोकेट कैलाश वाघेला, पुना से सेवानिवृत्त न्यायाधीश शिवदास महाजन एवं राजस्थान बालोतरा से मूलराम सांखला की गरिमामयी उपस्थिति ने भी कार्यक्रम को गौरव प्रदान किया। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया। देवास से पीसी हरोड़े, विजय गहलोत, नेपानगर से सोहन सैनी, खंडवा से संजय सैनी,नर्मदापुरम से देवेंद्र सैनी, गोविंद सैनी एवं मनमोहन सैनी उपस्थित रहे।
रतलाम जिलाध्यक्ष डॉ. चंचल चौहान के नेतृत्व में कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया गया। महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना, झारखंड सहित देशभर के कई राज्यों से माली समाज के प्रतिनिधि उपस्थित हुए और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिला प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का सम्मान किया गया और समाज की मजबूती हेतु सहयोग का आह्वान किया गया।

