

इटारसी / महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “दस्तक अभियान” प्रारंभ किया जा रहा है। यह अभियान प्रदेशभर में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और रोगों की रोकथाम हेतु चलाया जाएगा। 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों में कुपोषण, एनीमिया, डायरिया, निमोनिया जैसी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार इसका प्रमुख उद्देश्य है। दस्तक अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, ANM और सहायिका घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। बच्चों की पोषण स्थिति MUAC टेप से मापी जाएगी और गंभीर स्थिति वाले बच्चों को NRC या अस्पतालों में रेफर किया जाएगा। टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली जाएगी और अभिभावकों को आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा। इस अभियान को लेकर न्यास कॉलोनी की पार्षद एवं नगर पालिका परिषद, इटारसी की राजस्व सभापति श्रीमती अमृता मनीष ठाकुर ने नागरिकों से अपील की है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ बच्चा – सशक्त समाज की नींव है। कृपया दस्तक अभियान में पूरा सहयोग करें।” पार्षद श्रीमती अमृता ठाकुर ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि जब कोई स्वास्थ्य या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आपके द्वार दस्तक दे, तो उन्हें पूरा सहयोग दें। अपने बच्चों की संपूर्ण जांच कराएं और शासन द्वारा प्रदत्त सेवाओं का पूरा लाभ लें। दस्तक अभियान के अंतर्गत वार्ड स्तर पर माता सभा, किशोरी संवाद, पोषण रैली, शिविर और अन्य जागरूकता गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी। नागरिकों से अपील है कि वे इस जनहितकारी अभियान में भाग लें और अपने परिवार तथा समाज को स्वस्थ बनाने में योगदान दें।

