
नर्मदापुरम / सिल्वर मिस्ट रिटेल प्राइवेट लिमिटेड रेत कंपनी के फ्लाइंग स्क्वाड के तथाकथित कर्मचारियों द्वारा आम नागरिकों से की जा रही अभद्रता और अवैध वसूली को लेकर राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह को पत्र के माध्यम से शिकायत दर्ज की। आम जनमानस द्वारा निरंतर फ्लाइंग स्क्वाड को लेकर सांसद को शिकायत प्राप्त हो रहीं थी जिसे संज्ञान में लेते हुए श्रीमती नारोलिया ने पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम से पत्राचार के माध्यम से उल्लेख किया कि कंपनी के फ्लाइंग स्क्वाड के सदस्य नगर में खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत और शासकीय निर्माण कार्यों में लगे ट्रैक्टर-ट्रालियों से जानबूझकर अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, जिससे धार्मिक नगर का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित हो रहा है। सांसद ने बताया कि इन कर्मचारियों द्वारा गाली-गलौज और अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी, जहाँ फ्लाइंग स्क्वाड के कर्मचारियों का रिकॉर्ड रखने और उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया था। बावजूद इसके, स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। श्रीमती नारोलिया ने मांग की है कि रेत कंपनी के फ्लाइंग स्क्वाड में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पूरा विवरण संबंधित थानों में जमा कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि स्क्वाड के साथ खनिज विभाग का एक शासकीय कर्मचारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहे, जिससे आम जनता को होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। उक्त पत्र खनिज अधिकारी को भी दिया है।

