
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम से भोपाल तक विशाल कांवड़ यात्रा सेवा का संकल्प जन कल्याण समिति के माध्यम से कल निकलेगी। कल सुबह 8 बजे कांवड़िए सेठानी घाट से नर्मदा का जल भरकर पुराने भोपाल स्थित बाबा बटेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना होंगे। यहां सभी भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। इस कावड़ यात्रा में शामिल होने एक हजार से अधिक कांवड़िए आज शाम को अमरकंटक एक्सप्रेस से नर्मदापुरम पहुंचे। यात्रा संयोजक चेतन भार्गव ने बताया कि कल सुबह 8 बजे सभी कांवड़िए भोपाल के लिए पैदल रवाना होंगे। यात्रा संयोजक श्री भार्गव ने बताया कि कल सुबह 8 बजे आचार्य सोमेश परसाई विधि विधान से माँ नर्मदा का पूजन कराएँगे इसके बाद सभी कांवड़िए सेठानी घाट से माँ नर्मदा का जल भरकर भोपाल के लिए रवाना होंगे। कावड़ यात्रा नर्मदापुरम के सेठानी घाट से शुरू होगी जो कि शहर के सराफा चौक , न्यू जयस्तंभ चौक , सातरास्ते होते हुए ओवरब्रिज तिराहे से बुदनी के लिए रवाना होगी। यात्रा बुधनी , बरखेड़ा , ओबेदुल्लागंज , मंडीदीप , मिसरोद होते हुए पुराने भोपाल स्थित बटेश्वर महादेव मंदिर 28 जुलाई सोमवार को पहुँचेगी यहां माँ नर्मदा के जल से महादेव का अभिषेक होगा। कावड़ यात्रा के दौरान रास्ते में जगह जगह पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण भी किया जाएगा।

