
नर्मदापुरम / ऑल इंडिया सैनी माली सभा के प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सैनी, अभिषेक पटेल ने हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से नई दिल्ली स्थित राजस्थान स्टेट गेस्ट हाउस में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर समाज की वर्तमान स्थिति, सामाजिक सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व और प्रतिनिधित्व जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस भेंट के दौरान 29 अगस्त को भोपाल में आयोजित होने जा रहे “राम जी महाजन की 26वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम” का भी आमंत्रण अशोक गहलोत को सौंपा गया। यह कार्यक्रम माली समाज के लिए प्रेरणा और संगठनात्मक एकता का महत्वपूर्ण अवसर रहेगा। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने समाज के प्रयासों की सराहना की और समाज के कल्याण में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसी क्रम में अजय सैनी ने दिल्ली में आयोजित ‘राष्ट्रीय भागीदारी न्याय सम्मेलन’ में भी सहभागिता की, जहाँ देशभर से सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सामाजिक न्याय, राजनीतिक भागीदारी और वंचित वर्गों के अधिकारों पर विचार-विमर्श किया। अजय सैनी ने सम्मेलन में माली समाज की सक्रिय भूमिका, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक विस्तार पर प्रभावशाली वक्तव्य राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखा। इस अवसर पर अजय सैनी ने कहा कि “समाज को आगे ले जाने के लिए प्रतिनिधित्व, शिक्षा और संगठन की ताकत को एकजुट करना होगा। यही राम महाजन के दिखाए मार्ग का अनुसरण है।” ऑल इंडिया सैनी माली सभा द्वारा सामाजिक समरसता, जागरूकता और राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

