
नर्मदापुरम / गोल्डन सिलिकॉन सिटी स्थित शिव शक्ति मंदिर में आज कॉलोनी के महिला मंडल ने विशेष श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया। इस अवसर पर महिला मंडल ने पारंपरिक कांवड़ यात्रा निकाली, जिसमें सभी ने भक्तिभाव से भाग लिया। सुबह से ही वातावरण भक्तिमय हो गया था। महिलाओं ने कांवड़ में पवित्र जल भरकर मंदिर तक यात्रा की और भोलेनाथ का अभिषेक किया। पूजा-अर्चना के दौरान शिव मंत्रों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। इस आयोजन का उद्देश्य शिव भक्ति को और अधिक मजबूत करना तथा समाज में एकता और सद्भावना का संदेश देना था। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया गया। कॉलोनी के अन्य निवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए महिला मंडल के उत्साह की प्रशंसा की।

