टीकमगढ़। जनपद पंचायत बल्देवगढ़ में आज नीति आयोग के आकांक्षी ब्लाक कार्यक्रम अंतर्गत संपूर्णता अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले फ्रंटलाइन कर्मी एवं ब्लॉक एवं जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। साथ ही स्थानीय उत्पादों एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने हेतु आकांक्षा हाट का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती उमिता राहुल सिंह, उपाध्यक्ष जिला पंचायत, नगर परिषद बल्देवगढ़ अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि सबसे कमजोर कड़ी को किस प्रकार उठाया जाये नीति आयोग भारत सरकार द्वारा निर्धारित 06 प्रमुख संकेतकों के माध्यम से आकांक्षी विकासखण्ड बल्देवगढ़ में कार्य किया गया है। साथ ही वर्तमान में जिस प्रकार सभी व्यक्तियों को रक्तचाप, मधुमेह जैसी बीमारी हो जाती है लेकिन उनका उन्हें पता ही चलता, उनकी जांच कराकर उनको जागरूक किया गया है, जिससे संबंधित व्यक्ति आने वाली गंभीर बीमारी से बचाया जा सकें। उन्होंने उत्क़ष्ट कार्य करने के लिए सभी अधिकारी, कर्मचारियों और फ्रंट लाइन वर्करों को बधाई दी। इस दौरान जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। जिला योजना अधिकारी राम बाबू गुप्ता ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक जुलाई 2024 से 30 सितम्बर 2024 तक सभी आकांक्षी विकासखण्डों में सम्पूर्णता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य नीति आयोग भारत सरकार द्वारा निर्धारित 06 प्रमुख संकेतकों को संतृप्त करना था। इस कार्यक्रम के सभी 06 संकेतकों को आकांक्षी विकासखण्ड बल्देवगढ़ में संतृप्त किया गया। साथ ही उन्होंने बताया की हमारे ब्लॉक बल्देवगढ़ ने पूरे देश में संपूर्णता अभियान में बेहतर प्रदर्शन किया, जिसके लिए प्रदेश स्तर पर टीकमगढ़ जिले के कलेक्टर श्री श्रोत्रिय को 20 अगस्त 2025 को भोपाल में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव जी द्वारा गोल्ड मैडल से सम्मानित किया जायेगा। तत्पश्चात विभागीय अधिकारी ने कैसे सैचुरेशन किया इस बारे में जानकारी भी दी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती उमिता राहुल सिंह तथा कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने अतिथियों के साथ आकांक्षा हाट का निरीक्षण किया। इस पर अतिथियों ने कहा कि आकांक्षा हाट न केवल स्थानीय प्रतिभाओं और उत्पादों को मंच देने का प्रयास है बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रभावशाली पहल भी है, इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में बल मिलेगा। कार्यक्रम में महिला स्वस्हायता समूहों, स्थानीय कारीगरों ने भाग लिया। अतिथियों ने आकांक्षा हाट से खरीददारी की इस मौके पर आकांक्षी हाट में काफी भीड़ रही। कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी पॉइंट और हुनर की छाप भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के अंत में एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री हरिनारायण गर्ग द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन उपरांत अतिथियों द्वारा मंगल भ्वन प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बल्देवगढ़,एलआरएलएम डीपीएम के साथ जिले से जिला अधिकारी और ब्लॉक से समस्त ब्लॉक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

