टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय द्वारा मंगलवार 05 अगस्त 2025 को पलेरा तहसील में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान विशेष रूप से उन विकास कार्यों पर चर्चा की गई जो किसी न किसी कारणवश रुके हुए है। जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से श्मशान घाट का निर्माण, ऑडिटोरियम हेतु भूमि की व्यवस्था, गीता भवन के लिए भूमि आवंटन तथा हॉकर्स जोन से संबंधित विषय प्रमुख रूप से सामने आए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटन से जुड़ी शिकायतें भी प्राप्त हुईं। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। श्री श्रोत्रिय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से भूमि संबंधी मुद्दों का समाधान करने की बात कही। साथ ही उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी ,कर्मचारियों सहित जन प्रतिनिधि तथा स्थानीयजन उपस्थित रहे।

