
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमति प्रीति शुक्ला ने एक बार फिर सेवा, संवेदनशीलता और सजगता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। सोमवार को जब वे नर्मदापुरम से सिवनी मालवा की ओर रवाना हो रही थीं, तभी रास्ते में टोल नाके के पास एक महिला की गंभीर स्थिति पर उनकी नजर पड़ी। पता करने पर मालूम हुआ कि महिला 8 माह की गर्भवती हैं और अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण असहाय अवस्था में सड़क किनारे बैठी हैं। महिला की पहचान किरण केवट के रूप में हुई, जो अत्यधिक कमजोरी, चक्कर और बेचैनी से पीड़ित थीं। गर्भवती होने के कारण स्थिति और अधिक चिंताजनक थी। ऐसे में श्रीमति प्रीति शुक्ला ने तत्काल मानवीय पहल करते हुए 108 एंबुलेंस को बुलवाया। एंबुलेंस के आने तक उन्होंने महिला को ढांढस बंधाया और उसकी पूरी स्थिति पर स्वयं निगरानी रखी। इसके बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल नर्मदापुरम रवाना करवाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने के कारण अब महिला की हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उचित देखभाल की जा रही है। इस मानवीय कार्य के लिए स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला की भूरि-भूरि प्रशंसा की। स्थानीयजन ने कहा कि “आज के समय में जब लोग मदद करने से कतराते हैं, वहाँ एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि का इस तरह से खुद मौके पर उपस्थित रहकर गर्भवती महिला की मदद करना वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक है।” श्रीमति शुक्ला का यह कदम भाजपा के “सेवा ही संगठन” मूलमंत्र की जीवंत मिसाल है, जो दर्शाता है कि जनप्रतिनिधि यदि संवेदनशील और तत्पर हों तो जनता को न केवल नेतृत्व बल्कि संकट की घड़ी में संबल भी मिल सकता है।

