टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर एसडीएम टीकमगढ़ श्री लोकेन्द्र सिंह सरल, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, पीओडूडा सुश्री शिवि उपाध्याय सहित सभी सीएमओ तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने पीएमएवाई 2.0 के आवेदनों की जानकारी ली तथा समस्त नगरीय निकायों के अधिकारियों को आवेदनों के वेरिफिकेशन समय पर करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों को नियमानुसार चिन्हित कर बिना किसी दबाव में आये निष्पक्षता से समय पर योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी सीएमओ को अपनी टीम के साथ वार्ड में जाकर वार्डवासियों, जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों से डोर टू डोर संपर्क करने हेतु निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने समस्त एस.डी.एम. एवं सी.एम.ओ. को निर्देश दिए कि ऐसे हितग्राही जो धारणाधिकार हेतु पात्रता रखते हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) हेतु जमीन चिन्हांकित कर धारणाधिकार के नियम के तहत जमीन उपलब्ध कराई जाये। श्री श्रोत्रिय ने प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 को 31 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश देते हुये कहा कि समस्त हितग्राही अपने मकानों को जल्द पूर्ण कर आई.एस.एस.इंट्रेस्ट सब्सिडी स्कीम योजना से सब्सिडी का लाभ लें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के तहत जो मकान पूर्ण हो चुके हैं केवल फिनिशिंग, रंग रोगन आदि कार्य शेष हैं वो जल्द ही सभी कार्य पूर्ण कर लें। साथ ही उन्होंने बताया कि 17 अगस्त एवं 27 अगस्त को प्रधान मंत्री आवास योजना 1.0 के आवासों में ग्रह प्रवेश का कार्य कराया जायेगा। तत्पश्चात कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने समस्त सी.एम.ओ. से निराश्रित गौवंश को गौशालाओं में भेजने की तैयारी के संबंध में जानकारी लेते हुये निर्देश दिये कि अपने-अपने नगरीय क्षेत्र में ऐसी जगहों को चिन्हित करें। जहां निराश्रित गायों का झुंड रहता है एवं पशुपालन विभाग से संपर्क कर अपने आस-पास की सभी गौशालों की जानकारी रखें, प्रत्येक गौशाला में सीमा अनुसार जानवरों की व्यवस्था की जाये। जिन जानवरों का टैगिंग नहीं किया गया उन्हें टैग किया जाये।

