
इटारसी / रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सिद्धार्थ आर्य वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा एक अनूठी पहल करते हुए इटारसी की झुग्गी-बस्तियों में जाकर उन बच्चियों और बहनों के साथ यह त्योहार मनाया गया, जिनके जीवन में अपने भाई नहीं हैं। इस विशेष अवसर पर फाउंडेशन की टीम ने सैंकड़ों बच्चों के साथ राखी बंधवाई, उन्हें मिठाई खिलाई और त्योहार की खुशी साझा की। यह आयोजन केवल एक पर्व नहीं था, बल्कि “हर बहन को भाई का साया और हर भाई को बहन की दुआ” की सोच को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम था।
फाउंडेशन के संस्थापक अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य ने बताया –
> हमारा उद्देश्य सिर्फ भोजन बाँटना या राखी बंधवाना नहीं है, बल्कि समाज में त्याग, अपनापन और मानवता की भावना को जीवित रखना है। ये बच्चे सिर्फ किसी NGO की फाइल नहीं हैं, ये हमारे अपने हैं।
इस कार्यक्रम में बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार भोजन के पैकेट वितरित किए गए, जिन पर “Happy Raksha Bandhan – प्रेम और सेवा के साथ” छपा हुआ था। राखी के इस आयोजन ने बस्तियों में एक नया उजाला भर दिया।
फाउंडेशन की अपील:
आइए हम सब मिलकर उन लोगों की भी खुशियों में भागीदार बनें जिनके पास त्योहार मनाने के लिए कोई नहीं। अगले पर्व पर आप भी आगे बढ़कर किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकते हैं।

