नर्मदापुरम / शासन के निर्देशानुसार नगरपालिका द्वारा नगर में निकलने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों की सड़कें धोई जा रही हैं। स्मारकों की सफाई की जा रही है। घाटों को धोया जा रहा है, साथ ही नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।
*नपाध्यक्ष और सीएमओ ने दिए सख्त निर्देश*
स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर तिरंगा यात्रा को लेकर समूचे नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान सड़कों और घाटों की धुलाई की जा रही है। स्मारकों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही नगर के सभी क्षेत्रों में नागरिकों में जनजागरूकता लाई जा रही है कि वे अपने घर आंगन गलियों को साफ स्वच्छ रखें।
*गीला कचरा सूखा अलग अलग रखें*
स्वच्छता टीम के सतीश यादव ने बताया कि नगर को साफ स्वच्छ रखने के लिए नगरपालिका द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चला रहा है। इसमें वार्डवार घर घर जाकर नागरिकों को समझाइश दी जा रही है कि गीला कचरा और सूखा कचरा अलग अलग रखें। साथ ही नगर को स्वच्छ बनाने में नगरपालिका का सहयोग करें।
*नपा का सहयोग करें*
नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने नगर के नागरिकों से आग्रह किया है कि नगर में निकलने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर नगरपालिका द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्य में नगर के सभी नागरिक नगरपालिका का सहयोग करें। कचरा यहां वहां न फैंके, कचरा वाहन आने पर कचरा उसी में डालें।