टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में 11 अगस्त 2025 सोमवार के दिन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समस्त विभागों से उनकी कार्यवाही रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता-स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज वितरण व ध्वज विक्रय स्थल पर ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता एवं सभी जनपद पंचायतों, स्कूलों में ध्वज उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को स्वच्छता से जोड़कर राष्ट्रीय पर्व मनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर में चिन्हित स्थानों पर हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता आधारित सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएं। इससे लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे अपने घरों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित होंगे। इसके अलावा सभी गतिविधियों को कैलेंडर अनुसार क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए। श्री श्रोत्रिय ने बाढ़ और अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मार्गों और पुलों पर पर्याप्त बेरीगेटिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि ऐसे गौवंश जो अभी भी गौशाला में नहीं भेजे गए हैं, उन्हें तत्काल टैगिंग कर गौशाला में भेजा जाए। उन्होंने सभी विभागों को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लगाए गए पौधों की जानकारी मेरीलाइफ पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए, इससे पौधों की देखभाल और उनकी संख्या का पता लगाया जा सकेगा। श्री श्रोत्रिय ने सभी सीएमओ से उनके नगरीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं और उनकी गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। उन्होंने महिला बाल विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि बीती रात्रि जिस नवजात शिशु को बाल आश्रम भेजा गया है, उसकी आगे की कार्यवाही शुरू की जाये। इससे शिशु की देखभाल और उसके भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाइन, कोर्ट प्रकरण, अवमानना प्रकरण, आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न विभागों के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रगति, सीएम डेस बोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की समीक्षा, विभिन्न आयोगों, लोकायुक्त कार्यालय से प्राप्त पत्रों के उत्तर भेजने की जानकारी, टीएल पत्रों पर की गई कार्यवाही, कमिश्नर महोदय के भ्रमण प्राप्त निर्देशों पर की गई कार्यवाही, माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्णयों में दी गई समयसीमा में अभ्यावेदनों का समयसीमा में निराकरण, पंजी का संधारण, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के कार्यवाही विवरण पर की गई कार्यवाही, पीएम फसल बीमा योजना अंतर्गत राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल पर बीमांकन की प्रगति, जिले में फसल बीमा भुगतान की स्थिति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री पीएस चैहान, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर, सिविल सर्जन डाॅ. अमित शुक्ला, जिला परियोजना अधिकारी सांख्यिकी विभाग श्री रामबाबू गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री ऊदल सिंह ठाकुर, पीओ डूडा सुश्री शिवी उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

