टीकमगढ़ । जनविश्वास और जवाबदेह पुलिसिंग की दिशा में एक अहम पहल के तहत, पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में पूरे जिले में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए गए। मंगलवार, 12 अगस्त 2025 को जिला मुख्यालय में आयोजित शिविर में एसपी श्री मंडलोई एवं एएसपी विक्रम सिंह कुशवाह ने स्वयं उपस्थित होकर आमजन से सीधे संवाद किया। नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनी और तत्काल संबंधित विभाग,अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गए। शिविर के दौरान नागरिकों की व्यक्तिगत शिकायतों व सीएम हेल्पलाइन से जुड़े प्रकरणों पर प्राथमिकता से सुनवाई की गई। प्रत्येक आवेदन पर निष्पक्ष, तथ्यपरक और समयबद्ध कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए टीकमगढ़ और जतारा के थानों में थाना प्रभारी द्वारा भी जनता की समस्याएं प्रत्यक्ष रूप से सुनी गईं। एसपी श्री मंडलोई ने कहा हमारी प्राथमिकता है कि पुलिस व्यवस्था जनोन्मुखी बने। हर शिकायत का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाएगा। पुलिस आगे भी ऐसे जनसंपर्क व जनसुनवाई शिविरों के माध्यम से उत्तरदायी, पारदर्शी और जनहितैषी पुलिसिंग को निरंतर बढ़ावा देती रहेगी।

