टीकमगढ़। आज 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, टीकमगढ़ का प्रांगण राष्ट्रभक्ति के रंगों से सरोबार हो उठा। गगन में लहराते तिरंगे के साथ वातावरण में देशप्रेम की उमंग और गर्व की गूंज सुनाई दे रही थी।
गरिमामय समारोह में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने राष्ट्रध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तैनात गार्ड कमांडर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को दी गई सजीव राष्ट्रीय सैल्यूट ने उपस्थित जनसमूह के हृदय में रोमांच भर दिया। तिरंगे के सम्मान में बजती धुन के साथ हर आंख में चमक और हर हृदय में अटूट निष्ठा की लहर दौड़ गई।
ध्वजारोहण के उपरांत श्री मंडलोई ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की मंगलकामनाएं प्रेषित करते हुए एक-एक से मिलकर बधाई साझा की। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा-
“स्वतंत्रता दिवस केवल उल्लास का पर्व नहीं, बल्कि यह उन अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होने का अवसर है। हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज में शांति, सुरक्षा और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य से कानून-व्यवस्था की रक्षा, जनता की सेवा और राष्ट्र की प्रगति में अटूट योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, थाना प्रभारी ट्रैफिक कैलाश पटेल, मुख्य लिपिक रामाधार त्रिपाठी, स्टेनो रत्नेश तिवारी सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय गान का सामूहिक गायन हुआ और सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए तन-मन-धन से योगदान देने का दृढ़ संकल्प लिया।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

