टीकमगढ़। विकास की राह पर अग्रसर टीकमगढ़ विधानसभा को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। विधायक दादा यादवेंद्र सिंह की सतत पहल और दूरदर्शिता का परिणाम अब साकार होने जा रहा है।
पिछले दिनों विधायक द्वारा शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह को पत्र लिखकर अनंतपुरा स्थित पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल को हायर सेकंडरी विद्यालय में उन्नयन करने की मांग की गई थी। यह मांग केवल शिक्षा व्यवस्था के विस्तार की नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम थी।
शिक्षा मंत्री द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान किए जाने से अब अनंतपुरा सहित आसपास के विद्यार्थियों को उच्चतर माध्यमिक शिक्षा के लिए दूर-दराज़ भटकना नहीं पड़ेगा। यह निर्णय न केवल छात्र-छात्राओं के लिए राहत का संदेश है, बल्कि क्षेत्र की प्रगति के लिए एक मील का पत्थर भी सिद्ध होगा।
क्षेत्रीय जनमानस ने इस दूरगामी निर्णय के लिए शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है तथा विधायक यादवेंद्र सिंह के प्रयासों की सराहना की है।

