टीकमगढ़। शहर के बाजार जैन मंदिर में मुनि श्री सोम्य सागर जी एवं मुनि श्री जैयंत सागर जी महामुनिराज का चातुर्मास चल रहा है। इस अवसर पर धर्म प्रभावना समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जनता ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अगस्त को समिति के विशेष निवेदन पर महाराज श्री सूर्य सागर विद्यालय पहुंचे।
विद्यालय पहुँचने पर बच्चों ने झालर और मजीरा बजाकर जोरदार अगवानी की। समिति के पदाधिकारियों ने महाराज श्री के चरणों का प्रक्षालन किया, चित्र अनावरण किया गया तथा जिनवाणी भेंट की। इस अवसर पर बच्चों एवं अतिथियों ने तिरंगा झंडा फहराया।
प्रवचन में मुनि श्री ने कहा कि “अपने कर्तव्यों का पालन करो, अधिकार अपने आप मिल जाएंगे। जो व्यक्ति त्याग करता है, वह बंधन से मुक्त हो जाता है। हमें ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत पर चलना होगा, तभी हम कभी परतंत्र नहीं होंगे। हम अपने अधिकारों के लिए लड़ते हैं, लेकिन कर्तव्य का पालन नहीं करते। नया भारत हमें नई सोच के साथ बनाना होगा।”

प्रवचन उपरांत समिति के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में माताएं, बहनें और पुरुष वर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया।

