टीकमगढ़। जनसुरक्षा और जनकल्याण को सर्वोपरि मानते हुए, जिला पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में टीकमगढ़ पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत की है — जनसंवाद शिविर। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में पहुँचकर नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है।
16 अगस्त 2025 को थाना बुढ़ेरा एवं बमहोरी कलाँ द्वारा क्षेत्र के ग्रामों में आयोजित इन शिविरों में थाना प्रभारी एवं उनकी टीम, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भागीदारी निभाई।
शिविर के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से सीधा संवाद कर:-
पुलिस की विभिन्न जन-जागरूकता योजनाओं की जानकारी साझा की।
आवश्यक हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए।
नशामुक्त एवं अनुशासित जीवन जीने का आह्वान किया।
साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने का आग्रह किया।
युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
थाना/चौकी प्रभारियों ने अपने व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराए ताकि किसी भी आपात स्थिति में सीधे संपर्क किया जा सके।
यह जनसंवाद पहल केवल शिकायतों के निवारण तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग की मजबूत नींव रख रही है। यह प्रयास कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

