
इटारसी / विश्व हिंदू परिषद का 61 वां स्थापना दिवस समारोह राजीव कॉम्पलेक्स के पास स्थित बड़े तालाब के सामने श्री दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में संपन्न हुआ। जिला मंत्री चेतन सिंह राजपूत ने बताया संगठन के छह उत्सवों में से यह भी एक है। विहिप की स्थापना श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन मुंबई के बाल सांदीपनी आश्रम में पूज्य संतों, मनीषियों, गुरु गोलवलकर एवं स्वामी चिन्मयानंद आदि महापुरुषों की उपस्थिति में हुई। स्थापना काल से ही हिंदू धर्म समाज को परम वैभव की तरफ ले जाने हेतु अग्रसर है। यह कार्यक्रम प्रखंड एवं खंड स्तर पर मनाए जाने हैं। नगर उपाध्यक्ष अनुरुद्ध चंसौरिया ने कहा कि हिंदू समाज को सुदृढ़ बनाकर संगठित एवं जागृत करना हमारा उद्देश्य है। हिंदू धर्म संस्कृति की रक्षा करने हेतु हम सब लगे हुए हैं। उक्त अवसर पर मंदिर के पुजारी पं. बाबूलाल उपाध्याय, धर्म जागरण प्रमुख वीरू बाथरी, राजकुमार कहार, मोनेश दमाड़े एवं अन्य कार्यकर्तागण के साथ आम जनमानस की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सत्संग एवं आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया।

