टीकमगढ़ । एसपी मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिला रेडियो शाखा द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई एफआरवी फर्स्ट रिस्पांस व्हीकल के संबंध में एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन दिनांक 21 अगस्त 2025 को किया गया। कार्यशाला में एफआरवी वाहनों की संरचना एवं तकनीकी विशेषताओं की जानकारी प्रदान की गई। डायल-112 सहायता केंद्र से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हेतु अपनाई जाने वाली प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही वाहन में स्थापित आधुनिक सिस्टम, उपकरणों एवं आपातकालीन इंस्ट्रूमेंट्स का भौतिक प्रदर्शन कर उनकी उपयोगिता एवं संचालन की विधि से भी अवगत कराया गया। यह प्रशिक्षण जिला रेडियो शाखा द्वारा आयोजित किया गया, जिसका संचालन प्रभारी उप निरीक्षक प्रफुल्ल मिश्रा एवं सहायक उप निरीक्षक प्रदीप संघी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी थानों से पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी गण सक्रिय रूप से सम्मिलित हुए।

