
भोपाल / भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कांग्रेस नेता यशवंत सिंह गुजर के कथित बयान “बहनों को बोरियों में भर देंगे” की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस बयान को न केवल शर्मनाक, बल्कि प्रदेश की आत्मनिर्भर बहनों का सीधा अपमान बताया है। श्रीमती नारोलिया ने कहा कि यह बयान कांग्रेस की सोच को दर्शाता है, जो महिलाओं के प्रति असम्मानजनक दृष्टिकोण को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, आगे बढ़ रही हैं, तो कांग्रेस को यह बात खटक रही है। इसी कारण उसके नेता मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही लाड़ली बहना योजना जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज में सम्मान और स्वाभिमान भी प्रदान कर रही हैं। भाजपा का कहना है कि पार्टी हमेशा महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी।

