
नर्मदापुरम / ऑल इंडिया सैनी सभा का राष्ट्रीय अधिवेशन 23-24 अगस्त को सहारनपुर जनपद के शाकुंभरी शक्ति पीठ, बेहट में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर देशभर से समाज के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सैनी ने की, जबकि पूर्व कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश एवं संरक्षक साहब सिंह सैनी एवं राष्ट्रीय महासचिव विनय सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेश महासचिव (दिल्ली) अविनाश सैनी ने अधिवेशन की कार्यवाही का संचालन किया। अधिवेशन में समाज की एकता, शिक्षा विस्तार, रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।मध्यप्रदेश से पधारे ऑल इंडिया सैनी समाज, मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय सैनी ने कहा कि हिमालय की तलहटी में स्थित माँ शाकुंभरी शक्ति पीठ सहारनपुर की छत्र छांव की पावन धरा पर आयोजित यह अधिवेशन ऐतिहासिक है। यहाँ से निकले संकल्प समाज की भावी पीढ़ी के लिए दिशा-निर्देशक साबित होंगे। समाज की एकता और ऊर्जा ने भविष्य के स्वर्णिम युग की नींव रखी है। श्री सैनी ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्री बाई फुले जैसे महान समाज सुधारकों की विरासत है, जिन्होंने सैकड़ों सालों से दकियानूसी अशिक्षा एवं पिछड़ेपन की बेड़ियों में जकड़ी हुईं हमारी देश की नारी को इन बेड़ियों से मुक्त करने एवं आजादी से जीने के साथ शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बनने के लिए नारी शिक्षा को क्रांति का रूप देकर नारी शिक्षा का अलख जगाया । यह उसी क्रांति का करिश्मा है कि आज हमारे देश में बड़ी बड़ी कम्पनियों की सीईओ महिलाएं है , शिक्षित होकर महिलाओं ने हर जगह तरक्की की है । श्री सैनी ने ऑल इंडिया सैनी सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का अधिवेशन 11अप्रैल 2026, महात्मा ज्योतिबा फुले जन्मोत्सव पर नर्मदापुरम में प्रस्तावित किया जिसे राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सहर्ष सहमति प्रदान की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी ने अपने उद्बोधन में कहा “आज का यह अधिवेशन सैनी समाज की मजबूती का प्रमाण है। यदि हम शिक्षा और संगठन पर बल देंगे,तो समाज को कोई पीछे नहीं कर सकता।” कार्यक्रम को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सैनी एवं महासचिव विनय सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी समाज में शराब और नशे की जो लत बढ़ रही है ये भी हमारी समाज की उन्नति के लिए बाधक हैं, इससे कैसे मुक्ति मिले इसके लिए भी जागरूकता लाना होगा। मृत्यु भोज, दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों और गलत परंपराओं जैसी समाज की और भी कई गंभीर समस्याएं है, उन पर भी हमें आज खुलकर विचार करना होगा। कार्यक्रम के अंतिम दिन सभी प्रतिनिधियों ने भूरा देव एवं माता शाकुंभरी देवी शक्ति पीठ में सामूहिक दर्शन कर समाज की उन्नति और राष्ट्रीय एकता की मंगलकामना की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश नर्मदापुरम से देवेंद्र सैनी एवं शुभम शर्मा, सतना से सुशील कुमार बाडोलिया, शहडोल से विनोद माली, उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डॉ. तेजपाल सिंह सैनी, प्रदेश महासचिव अवनीश सैनी, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमल सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रधान सत्यपाल सिंह सैनी, सतीश सैनी (बेहट) सहारनपुर, अमिनेष सैनी सहारनपुर, डॉ. रजनीश सैनी हरिद्वार, संयम सैनी रामपुर आदि सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
अधिवेशन के सफल आयोजन पर उत्तर प्रदेश स्वागत समिति और आयोजक मंडल को देशभर से आए प्रतिनिधियों ने साधुवाद दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन अवनीश सैनी एवं आभार डॉ. तेजपाल सिंह सैनी ने किया।

