
नर्मदापुरम / दिनांक 25 अगस्त 2025, सोमवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सोजान सिंह रावत ने नर्मदापुरम विकासखंड में आजीविका मिशन और महिला शक्ति संकुल स्तरीय संघ द्वारा संचालित लोक अधिकार केंद्र का निरीक्षण किया। यह केंद्र विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं को घरेलू हिंसा और शोषण के मामलों में सहायता प्रदान करता है। निरीक्षण के दौरान श्री रावत ने केंद्र की संचालक समता समन्वयक कविता मोहबे और समता सखी रेखा सोलंकी से विभिन्न मामलों और उनके समाधान की प्रक्रिया के बारे में चर्चा की। उन्होंने केंद्र के कामकाज की सराहना करते हुए इसे ग्राम स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया, जहाँ वे पुलिस थाने और कोर्ट-कचहरी जाने में असहज महसूस करती हैं। समन्वयक ने जेंडर फोरम के गठन में विभागीय समन्वय की चुनौतियों से अवगत कराया। इस पर, श्री रावत ने आश्वासन दिया कि वे सभी संबंधित विभागों को एक आधिकारिक पत्र जारी करेंगे ताकि इस प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके और केंद्र के काम में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि “आप बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं” और भविष्य में किसी भी समस्या के लिए सीधे उनसे संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के समय, जिला पंचायत से लोक अधिकार केंद्र की जिला नोडल श्रीमती अर्चना शुक्ला, जिला प्रबंधक कृषि एवं आजीविका आदित्य शर्मा, सुश्री सुरेखा इसकप्पे, और विकासखंड नर्मदापुरम के प्रबंधक दुर्गेश ठाकुर एवं सहायक प्रबंधक उपस्थित थे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

