

इटारसी / विश्व हिंदू परिषद का 61 वां स्थापना दिवस समारोह स्टेट बैंक के सामने स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आर्यनगर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर संगठन की आचारपद्धति से हुआ। कार्यक्रम के अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक जितेन्द्र सरेयाम, विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष दुबे एवं नगर उपाध्यक्ष अनुरुद्ध चंसौरिया मंचासीन थे। मुख्य वक्ता जितेंद्र सरेयाम ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना 1947 में हुए बंटवारे के बाद नरसंहार एवं उत्पन्न चुनौतियों को देखते हुए मुंबई के सांदीपनि आश्रम में की गई थी,लेकिन आज भी हमें उन्हीं चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्र, धर्म एवं हिंदुत्व की रक्षा के लिए विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई। देश की सेवा,सुरक्षा के साथ संस्कारों की रक्षा विश्व हिंदू परिषद करता है। आज का युवा हिंदुत्व के लिए खड़ा है क्या? हमें उन्हें महापुरुषों की गाथा एवं बलिदान बताना पड़ेगा। दैवीय आपदा में संगठन अग्रणी भूमिका निभाता है। बहन बेटियां सुरक्षित नहीं है। हिंदू बहनों को टारगेट किया जाता है।मातृशक्ति को चाहिए कि वह बहनों को संस्कार दें। हिंदू कभी शस्त्र नहीं उठाता है, हिंदू केवल पांच बातों पर ही शस्त्र उठाता है। आत्मरक्षा,धर्म रक्षा, राष्ट्र रक्षा, स्त्री रक्षा एवं गौ माता रक्षा। उन्होंने पंच परिवर्तन के विषय में भी विस्तार से प्रकाश डाला। जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष दुबे ने बताया कि विहिप की स्थापना श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन मुंबई के सांदीपनी आश्रम में पूज्य संतों, मनीषियों, गुरु गोलवलकर एवं स्वामी चिन्मयानंद आदि महापुरुषों की उपस्थिति में हुई। अपने स्थापना काल से ही संगठन हिंदू धर्म समाज को परम वैभव की तरफ ले जाने हेतु अग्रसर है। हिंदू समाज को सुदृढ़ बनाकर संगठित एवं जागृत करना हमारा उद्देश्य है। हिंदू धर्म संस्कृति की रक्षा करने हेतु हम सब लगे हुए हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री चेतन सिंह राजपूत ने किया। अतिथियों का स्वागत जिला प्रचार प्रसार प्रमुख अनूप तिवारी ने किया। गीत एवं उदघोष नगर संयोजक संदीप यदुवंशी ने लगवाए। उक्त अवसर पर विहिप जिला संपर्क प्रमुख अनिल शुक्ला, जिला संयोजिका तरुणा सोनी, जिला धर्म प्रसार प्रमुख जयपाल राजपूत, आरएसएस के नगर संपर्क प्रमुख देवेंद्र उपाध्याय, नगर कार्यकारी अध्यक्ष महेश वालेचनी, उपाध्यक्ष संतोष शर्मा, नगर संयोजिका अनीता तिवारी, सह संयोजिका आरती मालवीय, नगर सत्संग प्रमुख अर्चना सातपुते, सेवा प्रमुख चंद्रकला नागवंशी, दुर्गावाहिनी नगर संयोजिका डॉली सांकरिया, सेवा प्रमुख नंदनी राजपूत, संदीप चौरे, राज श्रीवास, कुलदीप राजपूत, अनमोल श्रीवास एवं अन्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

