टीकमगढ़। जिले के पुलिसकर्मियों की लगन, निष्ठा और कर्मठता ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। पासपोर्ट निराकरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला लगातार चौथी बार प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसपी श्री मंडलोई ने जिले के उन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, जिन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से पासपोर्ट कार्य को गति दी। सम्मानित पुलिसकर्मियों में जिला विशेष शाखा प्रभारी सहायक उप निरीक्षक माया जैन, किरण प्रजापति, राजकुमार जाट सहित जिले के 14 थानों के अधिकारी,कर्मचारी शामिल रहे। अपने संबोधन में एसपी श्री मंडलोई ने कहा कि जिले के पुलिसकर्मियों की मेहनत और समर्पण ने टीकमगढ़ को यह गौरव दिलाया है। यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। भविष्य में भी इसी उत्साह और लगन से कार्य करते हुए टीकमगढ़ को प्रदेश में आदर्श बनाना है। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, ट्रैफिक प्रभारी श्री कैलाश पटेल सहित जिला विशेष शाखा के अधिकारी-कर्मचारी और जिलेभर का पुलिस बल मौजूद रहा।

