
सिवनी मालवा / क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश से नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है। रविवार को चंदवाड़ की नदी पार करते समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज़ बहाव में बह गई। गनीमत रही कि पुलिया के पिलर में फंस जाने से बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर का चालक जैसे ही नदी पार कर रहा था तभी अचानक पानी का बहाव तेज़ हो गया और वाहन नियंत्रण से बाहर होकर बहने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। ग्रामीणों ने बताया कि यदि ट्रॉली पुलिया के पिलर में न अटकती तो ट्रैक्टर-ट्रॉली पूरी तरह नदी में समा जाती और बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद नदी किनारे भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने बारिश के मौसम में सावधानी बरतने और उफनती नदी-नालों को पार न करने की अपील की है।

