टीकमगढ़। पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमलों और सुरक्षा को लेकर जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश जम्प की जिला इकाई टीकमगढ़ ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने जिला अध्यक्ष अभय मोर के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा। जिसके पश्च्यात पत्रकार संगठन ने कलेक्टर विवेक श्रोतीय को भी ज्ञापन दिया। ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि प्रदेश में शीघ्र पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए ताकि पत्रकारों को न्याय और सुरक्षा मिल सके। संगठन ने हाल ही में राजगढ़ जिले के कुरावर में हुए हमले का उल्लेख किया जिसमें जंप के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज मेवाड़े पर असामाजिक तत्वों ने लूटपाट और जानलेवा हमला किया था। पत्रकारों का आरोप है कि इस गंभीर घटना के बाद भी स्थानीय थाना प्रभारी ने कार्रवाई करने में लापरवाही बरती और केवल दबाव पड़ने पर ही एफआईआर दर्ज की। इतना ही नहीं, पीड़ित पत्रकार पर समझौता करने का दबाव भी बनाया गया जो बेहद निंदनीय है। ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकार आज खुद असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वर्षों से पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग हो रही है परंतु अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिला अध्यक्ष अभय मौर ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को उजागर करने का काम करता है लेकिन जब उसकी ही सुरक्षा खतरे में हो तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सरकार को तत्काल पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना चाहिए। इस मौके पर हरिश्चन्द यादव अखिलेश लोधी सत्त्तार खान अवधेश वर्मा गंधर्व सिंह बुन्देला ललित दुवे समीर खान अकरम खान प्रतीक रामचंद्रनी सोनू विश्वकर्मा लोकेन्द्र सिंह परमार अखण्ड यादव राजेश यादव नीरज यादव सलीम खान विकास राय रविंद्र अहिरवार इरफान बाबा गौरव वर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे और उन्होंने एक स्वर में पत्रकारों की सुरक्षा की मांग उठाई।

