टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर विवेक श्रोतीय के कुशल मार्गदर्शन एवं त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप कुड़ीला थाना क्षेत्र अंतर्गत धसान नदी के बरा घाट पर फंसे 20 लोगों का सफलता पूर्वक रेस्क्यू दिनांक 01 सितम्बर 2025 को रात्रि में किया गया। धसान नदी में लोगों के फसने की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। उनके निर्देशन में एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। साथ ही एसडीआरएफ टीम एवं कलेक्टर विवेक श्रोतीय द्वारा निर्देशित स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य को गति दी गई। लगातार बढ़ते पानी के बीच प्रशासन, पुलिस बल, एसडीआरएफ एवं स्थानीय नागरिकों के साहसिक प्रयासों से धसान नदी में फंसे सभी 20 लोगों को *सकुशल बाहर निकालने में सफलता मिली। इस दौरान बचाव कार्य में टीम भावना, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने बचाव कार्य में शामिल पुलिस अधिकारियों, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं सहयोग करने वाले ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस हर स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। संकट की घड़ी में पुलिस-प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास ही वास्तविक शक्ति हैं। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि आपदा और कठिन परिस्थितियों में पुलिस-प्रशासन और जनसहयोग मिलकर हर चुनौती का सामना कर सकता है।

