टीकमगढ़। जिले की ऐतिहासिक विरासतों को संरक्षित व सुरक्षित कर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय द्वारा कराए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भाजपा नेता विकास यादव ने कलेक्टर को पत्र देकर बहुप्रतीक्षित हवाई पट्टी की भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। श्री यादव ने कहा कि विगत कई दशकों से मोहनगढ़ तिराहे पर हवाई पट्टी के लिए आरक्षित भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। जिला प्रशासन टीकमगढ़ द्वारा इस भूमि पर हवाई का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कर राज्य शासन को 30 जनवरी 2021 को प्रेषित किया था जिसका निर्माण 36.031 हेक्टयेर भूमि पर होना है और लागत 2803.01 लाख रूपए प्रस्तावित है। शासन स्तर से कई बार प्रस्तावित भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन से पत्राचार किया जा चुका है, परन्तु जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है जिस कारण हवाई पट्टी निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है और बिना हवाई पट्टी के जिले में पर्यटन के विकास की बात कोरी कल्पना मात्र सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि मोहनगढ़ तिराहा स्थित भूमि पर हवाई पट्टी का निर्माण होने पर यहाँ से लगभग 70 कि.मी. दूरी पर स्थित विश्व प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थल श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा, 40 कि.मी. दूरी पर अछरू माता मंदिर, 24 कि.मी. दूरी पर मोहनगढ़ का किला एवं चतुर्भुज भगवान का मंदिर, 06 कि.मी. की दूरी पर मड़खेरा का सूर्य मंदिर, 18 कि.मी. की दूरी पर श्री कुण्डेश्वर महादेव मंदिर, 40 कि.मी. की दूरी पर बल्देवगढ़ का किला, 45 किमी की दूरी पर उमरी का सूर्यमंदिर, 18 किमी की दूरी पर प्रसिद्ध जैन तीर्थ पपौरा जी एवं 30 किमी की दूरी पर अहार जी एवं 90 कि.मी. की दूरी पर पर्यटन नगरी चंदेरी स्थित है। यह सभी धार्मिक एवं पर्यटन के प्रमुख केन्द्र हैं। जिले में हवाई पट्टी का निर्माण होने से देशी व विदेशी पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और पर्यटन के बढ़ने से स्थानीय लोगों को नये रोजगार के अवसर मिलेंगे। श्री यादव की मांग पर कलेक्टर ने जल्द ही हवाई पट्टी की भूमि से अतिक्रमण हटा कर विमानन विभाग को सुपुर्द करने का आश्वासन दिया है। प्रेस को यह तमाम जानकारी भाजपा नेता विकास यादव ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस नोट जारी करते हुए दी है।

