टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार जिले में आपकी सुनवाई आपकी तहसील कार्यक्रम अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार को तहसील स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इसीक्रम में आज कलेक्टर श्री श्रोत्रिय द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ तहसील लिधौरा में जनसुनवाई के दौरान आमजन से प्राप्त 214 शिकायतों एवं समस्याओं को सुना गया। साथ ही समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। तहसील लिधौरा में आयोजित जनसुनवाई के दौरान राजस्व विभाग के 13 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। शेष अन्य प्रकरणों पर एक सप्ताह में कार्यवाही कर निराकरण करते हुये रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये एवं आर्थिक सहायता के प्रकरण इसी सप्ताह में शीघ्र निराकृत कराने के निर्देश जारी किये। इसके साथ ही अभिलेख सुधार के प्रकरणों को भी शीघ्र निराकृत कराने के निर्देश दिये गये। तत्पश्चात जनसुनवाई में गौचर भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों के निराकरण के लिये तहसीलदार को निर्देशित किया कि अतिक्रमण के प्रकरणद दर्ज कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा अतिक्रमणकारियों पर जुर्माना भी लगाया जाये।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय द्वारा विभिन्न आवेदनों का मौके पर ही तत्काल निराकरण कराया गया। इसके तहत लिधौरा निवासी श्री अनिल रैकवार की सर्पदंश से मृत्यु होने पर आरबीसी 6-4 नियमानुसार उनकी पत्नी श्रीमती नेहा को सहायता राशि स्वीकृत की गई। ज्ञातव्य है कि लिधौरा निवासी श्री अनिल रैकवार की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उनकी पत्नी द्वारा आर्थिक सहायता हेतु आवेदन किया गया। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने जनसुनवाई के दौरान आवेदिका श्रीमती नेहा रैकवार को आरबीसी 6-4 के नियमानुसार 04 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इसी प्रकार जनसुनवाई के दौरान आवेदक दयाली उर्फ दयालु अहिरवार की समस्या का भी तत्काल निराकरण किया गया। श्री दयाली के पुत्र की मृत्यु उपरांत सहायता राशि प्राप्त मिलने थी, लेकिन आधार कार्ड में त्रृटि होने के कारण दस्तावेज सत्यापन में देरी के कारण सहायता राशि नहीं मिल पा रही थी। आवेदक श्री दयाली ने आज जनसुनवाई में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय के समक्ष समस्या को बताया, जिस पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने तत्काल एसबीआई ब्रांच से संपर्क कर अन्य माध्यमों से दस्तावेज सत्यापन कराकर श्री दयाली को सहायता राशि स्वीकृत कराई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, तहसीलदार लिधौरा सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

