टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खाद एवं उर्वरक वितरण के संबंध में बैठक में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पारदर्शिता के साथ सभी किसानों को खाद का वितरण किया जाये, किसान भाईयों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये। बैठक में उपस्थित भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष श्री शिवमोहन गिरी ने कहा कि सोसायटियों में नए पंजीयन बढ़ाएं जाएं एवं किसानों की सुविधा को देखते हुए खाद वितरण केंद्रों पर रेट सूची चस्पा की जाए। उन्होंने कहा कि वितरण केंद्रों पर ब्लैक मार्केटिंग न हो इसके लिए पर्याप्त पारदर्शिता रखी जाए एवं किसानों को उनके रकबे के अनुसार ही खाद वितरित की जाए। श्री श्रोत्रिय ने कहा कि खाद का वितरण सोसायटी के माध्यम से किया जाये। प्रत्येक पंजीकृत किसान को उसकी आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराई जाये तथा वितरण केन्द्रों पर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने हेतु पुलिस बल की व्यवस्था की जाये। इसके साथ ही उन्होंने निजी क्षेत्र के खाद व्यापारियों को भी निर्देशित किया कि निर्धारित मूल्य पर ही किसान भाईयों को खाद का विक्रय किया जाये, जिसका बिल किसान भाईयों को दिया जाये। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर खाद विक्रय करते पाये जाने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।
इस अवसर पर कृषक मोर्चा के अध्यक्ष श्री अंशुल व्यास ने कहा कि खाद की उपलब्धता में पारदर्शिता हो, जितनी खाद का स्टॉक रिकॉर्ड में दर्ज हो उतनी ही खाद सोसायटियों पर उपलब्ध रहे। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कहा कि इस वर्ष जिले में अच्छी बारिश होने पर ज्यादा फसल की बौअनी होने की संभावना है। इस हेतु शासन द्वारा जिले की मांग अनुसार डीएपी, एनपीके तथा यूरिया की डिमांड की गई है। उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों से प्राप्त जानकारी अनुसार डीएपी तथा एनपीके में पोषक तत्वों में कोई भी अंतर नहीं है। अतः किसान भाई डीएपी के स्थान पर एनपीके का भी उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिये किसान भाईयों को जागरूक किया जाये, जिससे उन्हें किसी भी प्रकार कोई भ्रम न रहे और डीएपी की मात्रा कम मिलने पर किसान भाई एनपीके का उपयोग कर सकें। उन्होंने बताया कि सोसायटियों को पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष शिवमोहन गिरि, किसान मोर्चा के अध्यक्ष श्री अंशुल व्यास, एडीओ जीपी अहिरवार, उपायुक्त सहकारिता विभाग एसपी कौशिक, डीएमओ मार्केटिंग सोसायटी अनिल नरवर, सहायक संचालक कृषि विभाग दिनेश जाटव, निरीक्षक सहकारिता विभाग सहित संबंधित अधिकारी तथा खाद वितरण व्यापारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

