टीकमगढ़। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय खुशियों का होता है, लेकिन इस दौरान सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है।
जिला पुलिस प्रशासन ने इस अवसर पर एडवाइजरी जारी की है, जिसमें नागरिकों से आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।
सुरक्षा-व्यवस्था पर प्रशासन सख्त
प्रमुख स्थल, बाजार और घाटों पर पुलिस व सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों का आनंद शांति और सौहार्द के साथ लें। गणेश मूर्तियों का विसर्जन केवल निर्धारित घाटों पर किया जाए तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक व हानिकारक रंगों का प्रयोग न किया जाए। भीड़भाड़ में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी जरूरी
जुलूस और रैलियों में यातायात नियमों का पालन करने, संयम बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण या पटाखों से बचने का आग्रह किया गया है। साथ ही शराब एवं मादक पदार्थों का सेवन न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की चेतावनी दी गई है।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी बरतने की अपील करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोई भी आपत्तिजनक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाला पोस्ट/संदेश साझा न करें। बिना सत्यापन के वायरल संदेशों पर विश्वास न करें। भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिलेवासियों से मिलजुलकर त्योहारों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और जिम्मेदार माहौल में मनाने का आह्वान किया।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

