टीकमगढ़। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री श्रोत्रिय ने एक बगिया मां के नाम अभियान की प्रगति की समीक्षा की एवं संबंधित विभागों को एक सप्ताह में प्रगति लाने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने आदि कर्मयोगी अभियान के संबंध में गांव का विजन प्लान, विजन आधारित वॉल मैप बनाए जाने एवं अभियान अंतर्गत प्रत्येक बिंदु को सही तरीके से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारी ने बताया कि कल ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनिंग प्रोग्राम बल्देवगढ़ ब्लॉक में शुरू किया जाएगा। बैठक में श्री श्रोत्रिय ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी सभी मामले जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फॉर्मर रजिस्ट्री, समस्त भूस्वामियों का रजिस्ट्रेशन, स्वामित्व योजना, पीएम किसान ईकेवाईसी आदि में लक्ष्यानुसार विशेष अभियान चलाकर प्रगति लाएं एवं पोर्टल संबंधी सभी योजनाओं की प्रगति समय पर दर्ज की जाए। उन्होंने पीएम आवास योजना की समीक्षा करते हुये निर्देश दिए कि योजना हेतु पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर योजना में प्रगति लाएं एवं सभी एसडीएम धारणाधिकार द्वारा लाभ दिलाए जाने योग्य हितग्राहियों का चिन्हांकन कर लाभांवित करें। श्री श्रोत्रिय ने स्वास्थ्य विभाग की आयुष्मान भारत योजना एवं खाद्य विभाग की ई-केवायसी अभियान की समीक्षा करते हुए एक सप्ताह में प्रगति लाने तथा एक सप्ताह में पुनः अभियान की समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी मंगलवार 9 सितम्बर को टीकमगढ़ तहसील में जिला मुख्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में सभी संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से जनहित में एवं समय-सीमा में किया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाइन में विभागवार लंबित शिकायतों का बारीकी से अवलोकन कर न्यून प्रदर्शन करने वाले विभागों को सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कोर्ट प्रकरण, अवमानना प्रकरण, विभिन्न विभागों के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रगति, लोक सेवाओं के प्रदाय के गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा में लंबित प्रकरणों, विभिन्न आयोगों, लोकायुक्त कार्यालय से प्राप्त पत्रों के उत्तर भेजने, टीएल पत्रों पर की गई कार्यवाही, माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्णयों में अभ्यावेदनों का समयसीमा में निराकरण,पंजी का संधारण सहित अन्य बिन्दुओं की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, संयुक्त कलेक्टर श्री शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर, सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, जिला परियोजना अधिकारी सांख्यिकी विभाग श्री रामबाबू गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री ऊदल सिंह ठाकुर, पीओडूडा सुश्री शिवि उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

