टीकमगढ़। 09 सितंबर 2025 मंगलवार के दिन कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर स्थित जनसुनवाई कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ आमजन से प्राप्त 144 शिकायतों एवं समस्याओं को सुना एवं समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने विभिन्न आवेदनों का तत्काल निराकरण किया। शेष अन्य प्रकरणों पर एक सप्ताह में कार्यवाही कर निराकरण करते हुये रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत सापौन निवासी दिव्यांग कु. माही लोधी जो बोल और सुन पाने में सक्षम नहीं है एवं जिले में ईएमटी डॉक्टर के न बैठने से उसके मेडिकल परीक्षण में देरी हो रही थी के आवेदन पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने डीडीआरसी को तत्काल परीक्षण कराकर चिकित्सीय प्रमाण बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि सागर मेडिकल कॉलेज में चेकअप कराकर सर्टिफिकेट जारी किया जाये। जनसुनवाई में ग्राम पंचायत बड़ागांव खुर्द निवासी आवेदक द्वारा गांव में प्राइवेट स्कूल के निर्माण से रास्ता बंद होने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने निर्देशित किया कि पटवारी को भेजकर मौके का निरीक्षण कर जांच की जाये तथा जांच उपरांत वैकल्पिक रास्ता निकाला जाये। ग्राम पंचायत विजरावन के सरपंच की शिकायत पर श्री श्रोत्रिय ने एसडीएम जतारा को मौके पर जाकर समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। ग्राम पिपरा की आवेदिका श्रीमती सरजू की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर श्री श्रोत्रिय ने तहसीलदार को तत्काल जांच कराकर समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही जनसुनवाई में आमजनता से प्राप्त पेंशन, उपचार सहायता, खाद्यान्न पर्ची प्राप्त नहीं होने, गरीबी रेखा में नाम शामिल करने, सीमांकन, विधवा तथा दिव्यांग पेंशन, राहत राशि के वितरण तथा जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई तथा निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर श्री शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर, सीएमओ टीकमगढ़ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।