

सोहागपुर / सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सोमवार को सोहागपुर मंडी परिषद प्रांगण में आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रदेश के परिवहन एवं स्कूली शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, राज्यसभा सांसद माया नरोलिया, क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह तथा सोहागपुर एसडीएम प्रियंका भल्लवी ने सामूहिक रूप से पौधे रोपे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने अपने-अपने मातृ नाम से पौधे लगाकर यह संकल्प लिया कि वे प्रकृति संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाएंगे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि “माँ जीवन का प्रतीक है, और माँ के नाम पर लगाया गया पौधा धरती को नई सांस देगा।” इसी क्रम में मंडी प्रांगण में शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह ने शिक्षा और पर्यावरण दोनों के महत्व को एक ही मंच पर जोड़ दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने साफ संदेश दिया कि यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में एक पौधा अपनी माँ के नाम से लगाए और उसे संरक्षित करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। सोहागपुर का यह आयोजन न केवल एक सामाजिक अभियान रहा, बल्कि यह “प्रकृति, शिक्षा और संस्कार का संगम” बनकर क्षेत्र के लिए एक नई मिसाल भी छोड़ गया।

