जतारा / टीकमगढ़. जतारा जनपद की ग्राम पंचायत केशवगढ़ में विकास कार्य की अनूठी मिसाल देखने को मिली है। यहां मोहल्लेवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरपंच श्रीमती शशि जैन ने पूरा कर दिया है। पंचायत द्वारा मोहल्ले में अंडरग्राउंड नाली एवं चौड़ी सीसी रोड का निर्माण कराया गया है।
पहले ऐसा था हाल –
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले इस मोहल्ले का रास्ता बेहद खराब था। कच्ची सड़क और खुली नालियों से गंदा पानी सड़क पर बहता था। इससे बच्चों को स्कूल आने-जाने और खेलने में परेशानी होती थी। शाम के समय लोग घर के बाहर बैठ भी नहीं पाते थे। गंदगी से बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
अब बदली तस्वीर –
मोहल्लेवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सरपंच ने पूरे मोहल्ले में अंडरग्राउंड नाली का निर्माण कराकर उसके ऊपर मजबूत और चौड़ी सीसी रोड बनवाई। साथ ही पानी की निकासी के लिए 18 इंची मोटर की व्यवस्था भी की गई है। इससे अब न सिर्फ मोहल्लेवासियों बल्कि स्कूल के बच्चों को भी काफी सुविधा मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह ग्राम पंचायत केशवगढ़ का पहला ऐसा गुणवत्तापूर्ण कार्य है, जिसे देखने आसपास के गांवों के लोग भी पहुंच रहे हैं। अब गंदगी की समस्या पूरी तरह खत्म हो गई है।
शादी-ब्याह के लिए भी होगा उपयोगी
सीसी रोड की चौड़ाई इतनी रखी गई है कि भविष्य में किसी परिवार में शादी या अन्य बड़ा आयोजन होने पर यहां बड़े पंडाल लगाकर कार्यक्रम आसानी से किए जा सकेंगे। अब लोग सड़क किनारे बैठकर आपस में चर्चा करते हुए इस बदलाव से खुशी जाहिर कर रहे हैं।
गुणवत्ता पर विशेष ध्यान
सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन द्वारा पंचायत में कराए जा रहे सभी कार्यों की स्वयं देखरेख और निगरानी की जा रही है, ताकि हर कार्य गुणवत्तापूर्ण और जनहित में हो।
मोहल्लेवासियों का कहना है – खुशी, स्वच्छता और सुविधा ही विकास की असली पहचान है। इस कार्य की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

