टीकमगढ़। नवरात्रि के पावन पर्व पर जब सम्पूर्ण समाज शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा की आराधना में संलग्न है, उसी अवसर पर पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा–स्वतंत्रता–सम्मान अभियान को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा समाज में समान अधिकारों के प्रति जागरूकता स्थापित करना है। इस अभियान के अंतर्गत नीड, परी, भरोसा, सहारा एवं आसरा नामक विशेष महिला पुलिस दल गठित किए गए हैं, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा और अधिकारों से संबंधित प्रशिक्षण व मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में 25 सितम्बर 2025 को आसरा महिला पुलिस दल द्वारा टीकमगढ़ शहर स्थित वृद्धाश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां वृद्ध महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं दैनिक दिनचर्या की जानकारी प्राप्त की गई, साथ ही पुलिस की आपातकालीन सेवाओं व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी उपलब्ध कराते हुए सुरक्षा का पूर्ण आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर वृद्धजनों को फल वितरित किए गए और उनकी भविष्य की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम में महिला आरक्षक रक्षा विदुआ, महिला आरक्षक भारती, महिला आरक्षक आरती एवं महिला आरक्षक कामिनी वर्मा ने उल्लेखनीय योगदान दिया। पुलिस ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों — महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 और पुलिस आपातकालीन सेवा 112 — की जानकारी साझा करते हुए कहा कि टीकमगढ़ पुलिस संकल्पबद्ध है कि समाज की प्रत्येक महिला एवं बालिका सुरक्षित, सशक्त और सम्मानित जीवन व्यतीत कर सके।

