टीकमगढ़, 02 अक्टूबर 2025 दशहरा पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर, टीकमगढ़ में पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती सरोज सिंह राजपूत, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा का पूजन किया गया, शस्त्रों का तिलक कर हवन-पूजन संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक ने विधिविधान के साथ कूष्मांड की बलि देकर पूजन को पूर्ण किया। अंत में प्रसाद वितरण किया गया और शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इस मौके पर जिले की सुख-शांति और सुरक्षा व्यवस्था की कामना की गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राकेश गिरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय प्रताप यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह, एसडीओपी राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, थाना प्रभारी उपेंद्र छारी, निरीक्षक चंद्रजीत यादव, निरीक्षक रवि गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुलिस बल को विजयादशमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य की असत्य पर विजय का प्रतीक है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश भी दिया।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

