टीकमगढ़/ओरछा। भाजपा नेता विकास यादव ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर ओरछा में प्रतिवर्ष “श्री रामराजा सरकार महोत्सव” आयोजित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत पत्र सौंपते हुए महोत्सव को सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
पत्र में श्री यादव ने ओरछा की पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए बताया कि मान्यताओं के अनुसार 16वीं सदी में महाराज मधुकर शाह की महारानी कुंवर गणेश की तपस्या और अटल संकल्प के कारण प्रभु श्री राम अयोध्या से ओरछा पधारे थे। श्रावण मास की शुक्ल पंचमी वि.सं. 1630 (1573 ई.) को पुष्य नक्षत्र में महारानी कुंवर गणेश साधु-संतों के साथ अयोध्या से प्रस्थान कर 8 माह 27 दिन की पैदल यात्रा के पश्चात चैत्र शुक्ल नवमी वि.सं. 1631 (1574 ई.) को ओरछा पहुँची थीं।
उन्होंने बताया कि प्रभु श्री राम बालरूप में तीन विशेष शर्तों—जहाँ विराजेंगे वहीं रहेंगे, पुष्य नक्षत्र में ही यात्रा करेंगे और राजा के रूप में पूजे जाएंगे—के साथ ओरछा के महल में विराजमान हुए। शर्तों के अनुरूप महारानी कुंवर गणेश ने अपना राजपाठ त्यागकर प्रभु श्री राम को ओरछा का राजा स्थापित किया, तभी से वे “श्री रामराजा सरकार” के नाम से पूजे जाते हैं। आज भी वे ओरछा के राजा माने जाते हैं, प्रतिदिन दरबार लगता है और भक्तों की फरियाद सुनी जाती है।
ओरछा का रामराजा मंदिर देश का एकमात्र मंदिर है जहाँ प्रभु श्री राम को आज भी प्रतिदिन गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है।
श्री यादव ने यह भी उल्लेख किया कि चैत्र शुक्ल नवमी वही पावन तिथि है जब पुष्य नक्षत्र में प्रभु श्री राम का अवतरण हुआ था और इसी दिन गोस्वामी तुलसीदास जी ने श्री रामचरितमानस की रचना प्रारंभ की थी, जिससे इस तिथि का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है।
पत्र में यह भी बताया गया कि 7 दिसंबर को ओरछा प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने ओरछा में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए निवाड़ी जिला प्रशासन को खजुराहो की तर्ज पर ओरछा में सांस्कृतिक महोत्सव की योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे, ताकि क्षेत्र की कला-संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिल सके।
इसी क्रम में भाजपा नेता विकास यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से आग्रह किया है कि चैत्र शुक्ल नवमी की पावन तिथि पर प्रतिवर्ष ओरछा में तीन दिवसीय “श्री रामराजा सरकार महोत्सव” आयोजित कराने हेतु स्वीकृति दिलाने में सहयोग प्रदान करें। प्रस्तावित महोत्सव में
पहले दिन भजन संध्या,
दूसरे दिन बुंदेली लोक गायन
और तीसरे दिन भव्य श्री राम जन्मोत्सव आयोजित करने का सुझाव दिया गया है।
श्री यादव ने कहा कि इस महोत्सव से न केवल ओरछा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को वैश्विक पहचान मिलेगी, बल्कि पर्यटन, स्थानीय कला और अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा प्राप्त होगी।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

