टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिले में गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए संचालित जिला स्तरीय ऑपरेशन साइबर के अंतर्गत टीकमगढ़ पुलिस को लगातार उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।
इसी क्रम में दिनांक 04 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम टीकमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के 150 गुम मोबाइल फोन जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹32 लाख है उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वितरण कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन डॉ हिमानी खन्ना एवं डीआईजी छतरपुर रेंज विजय खत्री ने पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई की उपस्थिति में मोबाइल फोन वितरित किए।
ऑपरेशन साइबर की निरंतर उपलब्धि
ऑपरेशन साइबर के तहत वर्ष 2025 में अब तक 528 गुम मोबाइल फोन जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग रुपए 82 लाख है देश के विभिन्न शहरों से बरामद कर उनके वास्तविक मोबाइल मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।
ये सभी मोबाइल फोन जिला पुलिस टीकमगढ़ की साइबर सेल एवं जिले के समस्त थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क द्वारा सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल के माध्यम से तकनीकी प्रक्रिया अपनाकर खोजे गए।
टीकमगढ़ पुलिस की नागरिकों से अपील
टीकमगढ़ पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत
अपनी सिम कार्ड सेवा बंद कराएं,
नजदीकी पुलिस थाना में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें,
तथा सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं
ताकि गुम मोबाइल की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान कैलाश पटेल सहित जिले के सभी थाना प्रभारी पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं मोबाइल आवेदक उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

