टीकमगढ़। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय द्वारा निर्देशित किया गया कि गर्भवती माताओं के अनमोल पोर्टल पर पंजीयन 90 प्रतिशत तक प्रगति आगामी बैठक के पूर्व करना सुनिश्चित करें तथा एएनसी गैप के संबंध में कारण सहित सूची प्रदाय करते हुये सभी विकासखण्ड उक्त गैप समाप्त करें। साथ ही उन्होंने एएनसी पंजीयन गैप समाप्त करने करने के लिये सीएमओ नगर पालिका को प्रभारी डीएचओ-1 डाॅ. शांतनु दीक्षित के द्वारा समन्वय करने हेतु नगरीय क्षे़त्र की समग्र आईडी बनवाने हेतु निर्देश दिये। उन्होंने 7 दिवस में सभी विकासखण्डों को उच्चजोखिम गर्भवती महिलाओं की पहचान के विरूद्ध प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया। जिले में सीवियर एनीमिया चिन्हांकन की समीक्षा करते हुये उन्होंने स्टेट एवरेज के अंतर को पूर्ण करते हुए जानकारी प्रेषित करने के निर्देश दिये। उन्होंने पीआईएच आईडेन्टीफिकेशन प्रतिशत को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने जिले में मातृ मृत्यु की समीक्षा की तथा इसे रोकने हेतु स्टाॅफ को निर्देशित किया कि समय पर हितग्राहियों को रेफर्ड किया जाये एवं समय पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। एनीमिया से होने वाली मृत्यु को रोकने के लिए आयरन की गोली के सेवन को बढ़ावा दिया जाये तथा मध्यम एवं गंभीर माताओं को संस्था पर आयरन सुक्रोज,इंजैक्शन एफसीएम की उपयोगिता बढ़ाई जाये। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि जिले में होने वाली शिशु मृत्यु के संबंध में जो भी कमियां हो रही हैं उन कारणों को ज्ञात करें ओर दूर करते हुए शिशु मृत्यु रोकें। साथ ही 100 प्रतिशत संस्थागत प्रसव कराने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित करें कि वह ग्रामीण गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव कराने हेतु प्रेरित करें जिससे कि शिशु मृत्यु दर को कंट्रोल में लाया जा सके। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने विकासखण्ड बल्देवगढ़ अंतर्गत उप.स्वा.केन्द्र कुड़ीला ग्राम पंचायत कुड़ीला की जनसंख्या क्षेत्र अधिक होने एवं आस-पास के ग्राम में प्रसव केन्द्र नहीं होने के कारण ग्राम में ही प्रसव की सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से उप.स्वा.केन्द्र कुड़ीला का पीएचसी में उन्नयन करने हेतु बीएमओ बल्देवगढ़ द्वारा प्रस्ताव मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टीकमगढ़ के माध्यम से भेजने के निर्देश प्रसारित किये। उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि एनआरसी में कुपोषित बच्चों को भर्ती के लिए भेजें एवं जो सीडीपीओ कार्य में लापरवाही करें उन्हें नोटिस जारी करें। उन्होंने जिले को मीजल्स मुक्त बनाने के लिए बल्देवगढ़ में आगामी बैठक के पूर्व शत-प्रतिशत टीकाकरण किए जाने हेतु निर्देशित किया। श्री श्रोत्रिय ने आरबीएसके प्रोग्राम के संबंध में विस्तार से चर्चा की तथा आरबीएसके पोर्टल पर प्रति दिवस आरबीएसके डाॅक्टरों की एंट्री शत-प्रतिशत,माॅनीटरिंग कार्य करने साथ ही अग्रिम टूर प्रोग्राम बीएमओ के माध्यम से आरबीएसके टीम से प्राप्त करते हुये सीडीपीओ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने बीएमओ जतारा को निर्देशित किया गया कि वह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से एक एक्स-रे टैक्निशयन हेतु लिखित में प्रस्ताव देने के निर्देश जारी करें। पोर्टल पर मेडीकल ऑफिसर द्वारा एमएलसी की एन्ट्री प्रतिदिवस नहीं करने के कारण वैकलॉग बढ़ने के कारण कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि पोर्टल पर एंट्री करना सुनिश्चित करें ओर बैकलाॅग समाप्त करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. ओ.पी. अनुरागी, जिला शिक्षा अधिकारी एच.एस. चौहान, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ऊदल सिंह ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वितीय डाॅ. के.एम. वरूण, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डाॅ. अमित शुक्ला, डी.टी.ओ. टीकमगढ़ डाॅ. राहुल गुप्ता, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, समस्त सीडीपीओ महिला एवं बाल विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित रहे।

