टीकमगढ़। जनभावनाओं को स्वर देते हुए मानवीय संवेदना समिति, टीकमगढ़ ने एक बार फिर क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूत बनाने की मांग उठाई है। समिति द्वारा पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री सौभना बंदोपाध्याय को विस्तृत मांग-पत्र डाक के माध्यम से भेजा गया, जिसमें जबलपुर से कटनी, सतना, चित्रकूट, बांदा, महोबा, खजुराहो, छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर, झांसी, ग्वालियर, नई दिल्ली होते हुए लुधियाना, जम्मू तवी और माता वैष्णो देवी कटरा तक नई ट्रेन संचालित करने की मांग की गई है।
समिति का कहना है कि बुंदेलखंड क्षेत्र, विशेषकर टीकमगढ़ और आसपास के जिलों के यात्रियों को उत्तर भारत और धार्मिक स्थलों तक सीधी रेल सुविधा न होने से भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को बार-बार ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। प्रस्तावित ट्रेन से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और आवागमन को भी नई गति मिलेगी।
मानवीय संवेदना समिति कई वर्षों से इस मांग को लगातार उठाती रही है। इस संबंध में रेल मंत्रालय को भी पूर्व में ज्ञापन भेजा जा चुका है तथा टीकमगढ़ के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार को भी अवगत कराया गया है। इसके अतिरिक्त उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह को भी समिति प्रतिनिधियों द्वारा ज्ञापन सौंपा जा चुका है। रेलवे के विभिन्न पोर्टलों और सोशल मीडिया माध्यमों पर भी समिति अपनी मांग दर्ज कराती रही है।
समिति का दावा है कि यह प्रस्ताव पश्चिम मध्य रेलवे स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया में है, इसलिए एक बार पुनः ध्यान आकर्षित कराने के उद्देश्य से महाप्रबंधक को डाक द्वारा पत्र प्रेषित किया गया है।
इस अवसर पर डाकघर में मनीराम कठैल, देवेंद्र योगी, विनोद शकेरा, इरफान अहमद, वृक्षानंद महाराज, स्वतंत्र कुमार जैन, रमेश खरे, अधिवक्ता बल्ली बुखारिया, विनोद राय, सतीश सूत्रकार, रामचरण अहिरवार और ओम प्रकाश रावत सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे और शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की आशा व्यक्त की।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

