टीकमगढ़ । जिले में जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए जिला पुलिस ने संवाद, विश्वास और त्वरित समाधान को अपनी कार्यशैली का प्रमुख आधार बनाया है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में पुलिस समुदाय-केंद्रित पुलिसिंग को व्यवहारिक रूप दे रही है, जिसका उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच पारदर्शी, सहज और विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करना है। दिनांक 20 फरवरी 2026 को मजना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक वीणा विश्वकर्मा ने अपनी पुलिस टीम के साथ चौकी क्षेत्र के ग्रामों में महिलाओं के मध्य विशेष जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर महिलाओं ने खुले मन से अपनी समस्याएँ, सुझाव और अपेक्षाएँ साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं परिवारों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। घरेलू विवाद, पारिवारिक मतभेद, नशे की समस्या तथा स्थानीय स्तर पर उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों के समाधान हेतु व्यवहारिक और कानूनी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर पुलिस ने घरेलू हिंसा एवं पारिवारिक विवादों से संबंधित वैधानिक प्रावधान,नशे के दुष्प्रभाव एवं उससे बचाव के उपाय
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी,साइबर अपराध से बचाव एवं सतर्कता उपाय
आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी,शिकायत दर्ज कराने की सरल, पारदर्शी एवं सुगम प्रक्रिया। समुदाय आधारित इस पहल के प्रभावस्वरूप पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त शिकायतों में लगभग 36 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह आँकड़ा इस बात का संकेत है कि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समयबद्ध निराकरण हो रहा है तथा पुलिस-जन सहयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में नियमित रूप से चौपाल, मोहल्ला बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नशामुक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर निरंतर संवाद स्थापित कर जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है। पुलिस की प्रतिबद्धता है कि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। प्रत्येक परिवार पुलिस से बिना संकोच संवाद स्थापित कर सकें प्रत्येक समस्या का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ सुनिश्चित किया जाए। विश्वास, सहभागिता और सकारात्मक संवाद की भावना के साथ पुलिस सुरक्षित, सजग और समरस समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

