टीकमगढ़। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 पश्चात अंतिम प्रकाशन के संबंध में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे, जिला जनसंपर्क अधिकारी सुश्री शेफाली तिवारी, तहसीलदार टीकमगढ़ सतेन्द्र सिंह गुर्जर सहित प्रिंट, इलेक्ट्राॅनिक तथा डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री श्रोत्रिय ने मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुये बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, एसआईआर का कार्य जिले में किया गया। इस कार्य में राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए, बाॅलेन्टियर, विभिन्न विभागों के सहयोगी कर्मचारियों तथा जिले के जागरूक मतदाताओं ने मिलकर समन्वय के साथ एसआईआर कार्य को बहुत ही अच्छे ढंग से सम्पन्न कराया है, इन सभी को शुभकामनायें एवं बधाई है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के पश्चात मतदाता सूची का गहन शुद्धीकरण किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री श्रोत्रिय ने जानकारी देते हुये बताया कि निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर के तहत प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 684737, 6 लाख 84 हजार 737 हैं, जिसमें 361762 पुरूष मतदाता, 322967 महिला तथा 8 अन्य मतदाता शामिल हैं। साथ ही जिले में मतदान केन्द्रों की संख्या बढ़कर 898 हो गयी है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के दौरान कुल 7782 नये मतदाताओं के नाम जोड़े गये, जिसमें 18-19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 2910 तथा 20 वर्ष से अधिक उम्र के नवीन मतदाताओं की संख्या में 4879 है। श्री श्रोत्रिय ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 23 दिसम्बर 2025 को निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन किया गया। प्रारूप प्रकाशन के दौरान जिले में मतदाताओं की संख्या 676955 थी, जिसमें 357389 पुरूष, 319557 महिला तथा 9 अन्य मतदाता शामिल है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के पूर्व जिले में कुल 808 मतदान केन्द्र थे, जिनमें 90 मतदान केन्द्रों को बढ़ाया गया। वर्तमान में कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 898 है।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 27 अक्टूबर को निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर 2026 की घोषणा की गई। एसआईआर की घोषणा के दौरान मतदाता सूची में जिले में 714056 मतदाता दर्ज थे, जिन्हें बीएलओ द्वारा 4 नवम्बर 2025 से 4 दिसम्बर 2025 के मध्य गणना पत्र वितरित किये गये, जिसमें से 676955 मतदाताओं द्वारा गणना भरकर बीएलओ को वापिस किये गये। उन्होंने बताया कि 679655 मतदाताओं का पिछले एसआईआर-2003 से मिलान किया गया, जिसमें 669952 मतदाताओं का एसआईआर-2003 से मिला हुआ तथा 7003 मतदाताओं का मिलान नहीं हुआ। एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान 37101 मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची से काटे गये जिनके गणना पत्रक प्राप्त नहीं हुये, इनमें मृत, स्थानांतरित, पूर्व से दर्ज, अप्राप्त तथा अन्य मतदाता शामिल हैं।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

