टीकमगढ़। पुलिस मुख्यालय और हार्टफुलनेस संस्थान के मध्य हुए एमओयू के तहत प्रदेश में पुलिस बल के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक सशक्तिकरण के उद्देश्य से नई पहल निरंतर आगे बढ़ रही है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान के अंतर्गत पुलिस कर्मियों के समग्र कल्याण को केंद्र में रखते हुए नियमित ध्यान और आत्मचिंतन सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन संतुलित मन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कर सकें।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में रविवार 22 फरवरी 2026 को टीकमगढ़ जिला मुख्यालय सहित सभी थाना और चौकियों पर साप्ताहिक सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आत्मचिंतन, मानसिक शांति और आंतरिक ऊर्जा का अनुभव किया।
ध्यान सत्रों का उद्देश्य केवल तनाव प्रबंधन तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि पुलिस कर्मियों के भीतर आत्मबल, धैर्य, संवेदनशीलता और सेवा-भाव को सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया गया। ध्यान के माध्यम से उन्हें आत्मसंयम, एकाग्रता और सकारात्मक संवाद की प्रेरणा दी गई, ताकि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी वे संतुलित एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार बनाए रख सकें।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना का स्पष्ट संदेश है कि एक सशक्त और संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत कर सकता है। उनके मार्गदर्शन में संचालित यह पहल पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, सजग और अधिक मानवीय दृष्टिकोण के साथ समाज सेवा के लिए सक्षम बना रही है।
टीकमगढ़ पुलिस की यह पहल न केवल आंतरिक सुदृढ़ता का प्रतीक बनकर उभरी है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पुलिस प्रशासन अपने कर्मियों के कल्याण को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए सतत प्रतिबद्ध है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

