टीकमगढ़ /ओरछा। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा केंद्र सरकार से 658 करोड़ रुपये लागत के ओरछा लिंक ग्रीनफील्ड लेन हाईवे की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। इसी प्रसन्नता के बीच भाजपा नेता विकास यादव ने ओरछा पहुंचकर श्री रामराजा सरकार के दरबार में श्रद्धा अर्पित की और भगवान के श्रीचरणों में अपना छठवाँ गजरा भेंट किया। उन्होंने 11 किलो लड्डुओं का भोग लगाकर उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद भी वितरित कराया।
इस अवसर पर विकास यादव ने कहा कि प्रस्तावित हाईवे के निर्माण से न केवल स्थानीय नागरिकों की आवाजाही सुगम होगी, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी ओरछा तक पहुंचना आसान हो जाएगा। उनका मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्रीय व्यापार, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जिससे पूरे अंचल के आर्थिक विकास को बल प्राप्त होगा।
यादव ने बताया कि वे पिछले एक वर्ष से ओरछा के विकास कार्यों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार से लगातार मांगें उठा रहे हैं। उनकी आस्था है कि जब भी क्षेत्र की कोई महत्वपूर्ण मांग पूरी होती है, वे रामराजा सरकार के दरबार में उपस्थित होकर कृतज्ञता स्वरूप एक गजरा अर्पित करते हैं। ओरछा लिंक ग्रीनफील्ड हाईवे के रूप में उनकी छठी मांग पूरी होने पर उन्होंने छठा गजरा भेंट कर आभार व्यक्त किया।
उन्होंने स्मरण कराया कि इससे पहले उदयपुर इंटरसिटी ट्रेन, बुंदेलखंड एक्सप्रेस, रेलवे अंडरब्रिज तथा ओरछा-मड़ोर-चकरपुर और जेरोन-बासवान-रमपुरा मार्गों की स्वीकृति मिलने पर भी वे क्रमशः पाँच गजरे अर्पित कर चुके हैं।
आस्था और विकास के इस संगम ने ओरछा नगरी में एक बार फिर श्रद्धा और उल्लास का वातावरण निर्मित कर दिया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

