टीकमगढ़। डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए टीकमगढ़ पुलिस द्वारा व्यापक साइबर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं, छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं त्वरित शिकायत प्रणाली के प्रति जागरूक बनाना है।
इसी क्रम में 21 फरवरी 2026 को चौकी कनेरा अंतर्गत ग्राम सिमरा खुर्द स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लोन ऐप, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल ब्लैकमेलिंग और नकली जॉब ऑफर जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर स्टॉकिंग एवं ऑनलाइन उत्पीड़न से सुरक्षा और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर त्वरित शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत जिले में अब तक 456 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 79 हजार से अधिक नागरिकों तक डिजिटल सुरक्षा संदेश पहुंचाया जा चुका है। टीकमगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अज्ञात कॉल या लिंक से सतर्क रहें, ओटीपी व बैंकिंग जानकारी साझा न करें और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 पर संपर्क करें।
टीकमगढ़ पुलिस का यह अभियान सुरक्षित और जागरूक डिजिटल समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

